न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज:360 बोतल नेपाली देसी शराब के साथ बाइक जब्त, तस्कर फरार।

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

शराबबंदी अभियान के तहत टेढ़ागाछ पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 360 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से शराब लदी एक बाइक भी जब्त की है। हालांकि, पुलिस को देखते ही शराब तस्कर बाइक छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहे। सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग चिचोरा नेपाल बॉर्डर की ओर से शराब लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले हैं।

सूचना के आधार पर सहायक थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए वैशाटोली वार्ड संख्या-2 के समीप पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार शराब तस्कर वाहन छोड़कर भाग निकले।

पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसमें नेपाली शराब की बोतलें बरामद हुईं। तलाशी के दौरान 240 बोतल नेपाली रेशम लीची देसी शराब तथा 120 बोतल फाइटर ब्लैक नेपाली शराब बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी। बरामद शराब और बाइक को जब्त कर थाना लाया गया।


सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि मामले में मद्यनिषेध अभियान के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार कारोबारी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब की तस्करी, बिक्री या सेवन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Comment