पटना: खगौल थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नेउरा बस स्टैंड के बाहर एक टेम्पो से 593 ग्राम स्मैक और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टेम्पो के जरिए मादक पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान 1,460 पुड़िया में करीब 593 ग्राम स्मैक, तीन लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक टेम्पो बरामद किया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।