खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में युवाओं और विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनके शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शनिवार को 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल किशनगंज के ‘ई’ समवाय माफीटोला के कार्यक्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत के वाइब्रेंट विलेज क्षेत्र स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय आदिवासी टोला भोरहा में खेल सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल किशनगंज के द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, ‘ई’ समवाय माफीटोला के प्रभारी सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रशांत कुमार दास, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय ग्रामीण, छात्र-छात्राएं एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
इस दौरान फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों को जर्सी एवं फुटबॉल उपलब्ध कराया गया। वहीं वॉलीबॉल टीम के छात्र-छात्राओं के बीच जर्सी, वॉलीबॉल तथा वॉलीबॉल नेट का वितरण किया गया। खेल सामग्री मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित खेल एवं शारीरिक व्यायाम से शरीर स्वस्थ और फिट रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘खेलेगा भारत, बढ़ेगा भारत’ की भावना के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने नशामुक्ति अभियान, मानव तस्करी की रोकथाम तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से एसएसबी ने सीमावर्ती क्षेत्र के विद्यार्थियों को खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का संदेश दिया।