न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन नियमों को लेकर होटल एवं विवाह भवन संचालकों के साथ बैठक आयोजित

महापौर और नगर आयुक्त ने दिया निर्देश

कटिहार – नगर निगम कटिहार क्षेत्र में ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगर निगम सभागार में होटल एवं विवाह भवनों के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम कटिहार की महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने की।

बैठक में उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य प्रमोद महतो, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, नूर अली खान,नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा शहर के विभिन्न होटल एवं विवाह भवनों के प्रबंधक उपस्थित रहे।बैठक में होटल एवं विवाह भवनों से निकलने वाले ठोस कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, कचरे के उचित संग्रहण, भंडारण एवं निस्तारण तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में होटल एवं विवाह भवन संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी संचालकों से नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर कचरा प्रबंधन की निर्धारित व्यवस्था का पालन करने एवं स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की।

नगर आयुक्त संतोष कुमार ने भी नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा होटल एवं विवाह भवन प्रबंधकों से अपने प्रतिष्ठानों में अपशिष्ट प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक का उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र में ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं नियमसम्मत बनाना रहा।

Share this news

Leave a Comment