न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज: 11 केवी विद्युत तार की चपेट में आकर छात्रा झुलसी,अस्पताल में करवाया गया भर्ती

किशनगंज /प्रतिनिधि

किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय लौचा तेघरिया में स्कूल की छत के ऊपर से गुजर रहे 11 केवी हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक छात्रा के झुलसने का मामला सामने आया है।

छात्रा की पहचान कक्षा 8वीं की छात्रा नेहा प्रवीण पिता नाजिम आलम के रूप में हुई है जो कि बुरी तरह झुलस गई। गनीमत रही कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।

घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय के शिक्षकों ने आनन-फानन में छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे किशनगंज स्थित रेडिएंट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि स्कूल की छत के ऊपर से गुजर रहा 11 केवी का तार लंबे समय से खतरा बना हुआ है। इसे शिफ्ट कराने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से लिखित और मौखिक आग्रह किया गया था, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम परीक्षा समाप्त होने के बाद करीब 4-5 बजे शाम विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी नवीन कुमार को घटना की सूचना दी।

इमरान आलम ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि “बिजली विभाग के अधिकारी कान में तेल डालकर सोते रहते हैं। उनकी लापरवाही के कारण आज एक मासूम बच्ची की जान जाते-जाते बची है।”

उन्होंने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने और विद्यालय की छत के ऊपर से गुजर रहे 11 केवी तार को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Share this news

Leave a Comment