न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नवाबगंज पंचायत में सहयोग शिविर,42 पुराने मामलों में 36 का निष्पादन जबकि 22 नए आवेदन प्राप्त

मनिहारी /कटिहार- नवाबगंज पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की पहल की गई। शिविर में पुराने 42 मामलों में से 36 का निष्पादन किया गया। जबकि 22 नए आवेदन प्राप्त हुए।


शिविर में भूमि एवं राजस्व, बिजली, पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य, कृषि सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने संबंधित स्टॉल पर पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार ने कहा कि प्रखंड की अलग-अलग पंचायतों में लगातार सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। अब अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं को लेकर लोगों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है, बल्कि पंचायत भवन में ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी में समस्याओं के समाधान की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने इसे आम लोगों की सुविधा के लिए एक अच्छी पहल बताते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने पंचायत भवन में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में जरूर पहुंचें। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर अपनी समस्याएं रखें, योजनाओं की जानकारी लें और समस्याओं का निष्पादन करवाएं। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार,राजस्व अधिकारी रामसागर पासवान, मुखिया कामता प्रसाद सिंह, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष विनोद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment