इरफान आलम /पोठिया
पोठिया पुलिस ने उदगारा पंचायत के धनतोला कलाम चौक के पास एक बंद बाउंड्री के अंदर से 13 ऊंटों को जब्त कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे के नेतृत्व में छापेमारी की गई थी। मामले में पुलिस ने बिहार व बंगाल के दो लोगों को नामजद आरोपित बनाते हुए कांड दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार धनतोला कलाम चौक के समीप एक ऊंचे बाउंड्री के अंदर कई ऊंटों को अवैध रूप से और बेहद दयनीय स्थिति में बांधकर रखा गया था। जब पुलिस टीम ने बाउंड्री के अंदर प्रवेश किया, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। वहां मोटी-मोटी रस्सियों से बेरहमी से जकड़े हुए कुल 13 ऊंट पाए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी ऊंटों को अपने कब्जे में लिया। बताया गया कि ऊंटों को कई दिनों से न तो चारा दिया गया था और न ही पीने का पानी।
बंद घेरे में इन बेजुबान जानवरों को क्रूरता पूर्वक रखा गया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपित मास्टर पिता धन मोहम्मद निवासी धनतोला थाना पोठिया व मोहिम अख्तर निवासी अलुआबाड़ी थाना इस्लामपुर, पश्चिम बंगाल के विरुद्ध अवैध रूप से ऊंटों की खरीद-बिक्री करने और उन्हें क्रूरतापूर्वक बंधक बनाकर रखने को लेकर कांड संख्या 386/26 दर्ज किया है।
सभी ऊंट पुलिस की सुरक्षा में हैं और पशु चिकित्सकों की टीम उनकी स्वास्थ्य की बारीकी से जांच कर रही है ताकि उन्हें जल्द से जल्द जरूरी पोषण और उपचार दिया जा सके। वही पुलिस दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।