मिथिलेश कुमार झा ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मीडियाकर्मी व अधिवक्ताओं के मुद्दे उठाए
कटिहार – कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए समाजसेवी सह आयकर विधिवेता मिथिलेश कुमार झा ने क्षेत्र के विकास और विभिन्न वर्गों की समस्याओं को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा कि कोसी क्षेत्र के कई जिलों की लगातार उपेक्षा हुई है। पिछले 30 वर्षों में मधेपुरा रेल फैक्ट्री को छोड़कर कोई बड़ा उद्योग नहीं लगाया गया।
कटिहार का जूट मिल, सहरसा का बैजनाथपुर पेपर मिल एवं पूर्णिया का प्लाईवुड तथा सुपौल-अररिया क्षेत्र के उद्योग बंद हो चुके हैं। इससे युवाओं के समक्ष रोजगार का संकट बढ़ा है। श्री झा ने कहा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता और धांधली के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में छात्रों के साथ वह भी रहे और आगे भी उनके मुद्दों को उठाते रहेंगे। वित्त अनुदानित शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वेतन देने की बात कही गई है, लेकिन इस संबंध में कैबिनेट निर्णय आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि निर्णय होने पर वह सरकार का धन्यवाद करेंगे और निर्णय नहीं होने की स्थिति में शिक्षकों के लिए आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने पत्रकारों के मुद्दे पर भी आवाज उठाने की बात कही। पूर्णकालिक संवाददाताओं को सम्मानजनक वेतन दिलाने तथा अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग की। साथ ही युवा अधिवक्ताओं के लिए मासिक स्टाइपेंड की सरकारी योजना की शर्तों में सुधार की आवश्यकता जताई। स्वास्थ्य व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र में कई स्वास्थ्य उपकेंद्र और केंद्र हैं, लेकिन बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में लोगों को बड़े शहरों में इलाज कराना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है।
उन्होंने नए अस्पताल खोलने के बजाय उपलब्ध अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही। विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार और बिचौलियागिरी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता से जुड़े रहकर समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव जातिगत समीकरण के आधार पर नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों और विकास के आधार पर होना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि यदि स्नातक मतदाता उन्हें विधान परिषद भेजते हैं तो क्षेत्र के मुद्दों को लेकर उनके कदम पीछे नहीं हटेंगे। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्वाचक सूची संबंधी प्रक्रिया का भी उल्लेख है। मौके पर छात्र नेता राम कश्यप, किसान नेता दिलीप विश्वास, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।