न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कटिहार में धूमधाम से विश्वकर्मा पूजा का हुआ आयोजन,उत्सव का दिखा माहौल

औजारों और मशीनों की पूजा
गूंजे भगवान विश्वकर्मा के जयकारे

कल-कारखानों से लेकर गैराज और निजी प्रतिष्ठानों तक दिखा उत्सव का माहौल, श्रद्धा से की गई शिल्प देवता की आराधना

कटिहार -शिल्प एवं निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा जिले भर में गुरुवार को परंपरागत उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाई गई। कल-कारखानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, गैराज, वर्कशॉप सहित विभिन्न निजी एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान प्रतिष्ठानों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।

पूजा को लेकर विभिन्न स्थानों पर विशेष सजावट की गई थी। फूल-मालाओं, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सज्जा से पूजा स्थल को सुंदर रूप दिया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर प्रतिष्ठानों की सुख -समृद्धि, उन्नति और कार्यों में सफलता की कामना की। पूजा स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर लोगों ने अपने कार्य में इस्तेमाल होने वाले औजारों, मशीनों, वाहनों एवं अन्य उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी भी पूजा की। मैकेनिक, कारीगर, बिजली मिस्त्री, बढ़ई, लोहार, वाहन चालक सहित विभिन्न तकनीकी एवं शिल्प कार्यों से जुड़े लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव से भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

शहर के डायमंड फर्नीचर बड़ा बाजार, बीएसएनल रेलवे सहित कई स्थानों पर पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। शाम तक पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। लोगों ने एक-दूसरे को भगवान विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पंकज तमाखुवाला, प्रीतम तमाखुवाला, प्रकाश तमाखुवाला, मुरारी, राजा, पंचानंद नायक,पुतुल सिंह, रिंकू मिश्रा, आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment