न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नारायणपुर पंचायत के वार्ड 13 के आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचायत भवन में जड़ा ताला

पंचायत सहायक व अकाउंटेंट को बनाया एक घंटे तक बंधक

मनिहारी /कटिहार – प्रखंड के नारायणपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में बाढ़ पीड़ितों के बीच पॉलिथीन शीट का वितरण नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत भवन पहुंच गए और पॉलिथीन शीट की मांग को लेकर हंगामा करते रहे। आक्रोशित ग्रामीणों ने इस दौरान पंचायत सहायक और महिला अकाउंटेंट को भी लगभग एक घंटे तक पंचायत भवन के अंदर रोक कर रखा।

हंगामे की सूचना पंचायत सहायक ने वरीय अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सोनू गुप्ता,आरओ रामसागर पासवान और एसआई विजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पंचायत भवन पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद वार्ड सदस्य अनिल कुमार ऋषि की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ बातचीत कर मामला शांत कराया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड में बड़ी संख्या में परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। कई परिवारों के घरों में पानी प्रवेश करने के कारण रहने में परेशानी हो रही है। ऐसे परिवारों को बारिश और बाढ़ से बचाव के लिए पॉलिथीन शीट की जरूरत है। ग्रामीणों का आरोप था कि जरूरत के बावजूद उन्हें पॉलिथीन शीट उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। इसी को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत भवन पहुंचकर विरोध जताया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी। सूची के आधार पर जरूरतमंद परिवारों को पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों ने पंचायत के मुखिया से भी समन्वय कर सूची के अनुसार शीट वितरण कराने की बात कही।बीपीआरओ सोनू गुप्ता ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुना गया है। बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कराई जाएगी।

सूची के आधार पर जरूरतमंद परिवारों को पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराने के लिए पंचायत स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आरओ रामसागर पासवान ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की वास्तविक स्थिति को देखते हुए सूची तैयार कराई जाएगी। पात्र परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर समन्वय किया जाएगा।वार्ड सदस्य अनिल कुमार ऋषि ने कहा कि वार्ड के कई परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। ग्रामीणों की मुख्य मांग प्रभावित परिवारों को जल्द पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराने की है। इससे बारिश के दौरान उन्हें राहत मिलेगी।

Share this news

Leave a Comment