न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

एक ही रात सात घरों में चोरी, टाट तोड़कर घुसे चोर,जांच में जुटी पुलिस

बड़ी भैंसदीरा में सात घरों को बनाया निशाना
नकदी-जेवर समेत सामान ले गए
कुछ घरों में सो रहे लोगों के दरवाजे बाहर से किए बंद

बरारी/कटिहार -बरारी थाना क्षेत्र की लक्ष्मीपुर पंचायत के बड़ी भैंसदीरा वार्ड 16 में गुरुवार रात चोरों ने एक के बाद एक सात घरों को निशाना बनाया। खपरैल के घरों का टाट तोड़कर चोर अंदर घुसे और नकदी, जेवरात व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था।

चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।चोरी की घटना उमेश कुमार सिंह, कृष्णदेव मेहता, विष्णुदेव मेहता, सत्तो मेहता, धप्पु मेहता, दिनेश मेहता और श्रीराम मेहता के घर हुई। उमेश कुमार सिंह ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उनके घर से दो सोने के मंगलसूत्र, दो सोने के टीके, तीन सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, 10 चांदी के सिक्के, दो चांदी के कटोरे, दो चांदी के चम्मच, 80 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी हुए हैं।

वहीं कृष्णदेव मेहता के घर से पुश्तैनी जेवर और 10 हजार रुपए नकद चोरी होने की बात आवेदन में कही गई है।सुबह परिवार के लोगों ने देखा कि घर के उत्तर हिस्से का टाट टूटा हुआ था। घर के बाहर बैग, अटैची, ट्रॉली बैग, ट्रंक और गुल्लक समेत कई सामान बिखरे पड़े थे। चोरों ने कई सामानों के ताले भी तोड़ दिए थे। पीड़ित परिवारों के अनुसार कुछ घरों में सो रहे लोगों के कमरों के दरवाजे चोरों ने बाहर से बंद कर दिए थे।दिनेश मेहता और श्रीराम मेहता के घर में चोरी का प्रयास किया गया।

इसी दौरान एक महिला की नींद खुल गई। महिला के जागने की भनक लगते ही चोर पीछे की दीवार से भाग निकले।थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment