JPCPL कंपनी परिसर में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा
किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों, निर्माण स्थलों एवं औद्योगिक परिसरों में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा कर सुख-समृद्धि और कार्यों में सफलता की कामना की गई।
इसी क्रम में टेढ़ागाछ-बहादुरगंज सड़क निर्माण कार्य में लगी JPCPL कंपनी के बेणूगढ परिसर में भी विश्वकर्मा पूजा का आयोजन धूमधाम से किया गया।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर कंपनी परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही पूजा की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। निर्धारित विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले वाहनों, मशीनों और उपकरणों की भी पूजा की गई। पूजा के दौरान कंपनी की प्रगति, कर्मचारियों की सुरक्षा तथा कार्यों के सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना की गई।
पूजा कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, गणमान्य नागरिकों तथा पथ निर्माण विभाग से जुड़े अधिकारियों और अभियंताओं ने भाग लिया। मौके पर विभाग के स्कूटी इंजीनियर एसडीओ,प्रतीक कुमार जेई सहित कंपनी के पीएम विष्णु तथा अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
पूजा संपन्न होने के बाद उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान कंपनी परिसर में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने भी आयोजन में शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा से क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।