न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, 27,070 रुपये व 28 बंडल ताश बरामद

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

थाना क्षेत्र के हाटगांव वार्ड संख्या 11 में जुआ खेले जाने की सूचना पर टेढ़ागाछ पुलिस ने छापेमारी कर चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मौके से जुए में प्रयुक्त 27,070 रुपये नकद और 28 बंडल ताश के पत्ते बरामद किए। मामले में बंगाल सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष मो. दिलशाद खां के स्वलिखित बयान के अनुसार, 14 सितंबर को करीब 14:05 बजे सूचना मिली थी कि हाटगांव वार्ड संख्या 11 स्थित प्रवीणा के घर में कुछ लोगों द्वारा रोजाना ताश के माध्यम से जुआ खेला जाता है। सूचना का सत्यापन करने के बाद वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने उक्त घर में छापेमारी की।पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान घर के एक कमरे में तीन पुरुष और एक महिला मौजूद मिले।

कमरे में ताश के पत्ते बिखरे हुए पाए गए। पूछताछ में उनकी पहचान तैयब आलम (52), मो. जैयदुल राय (42), प्रवीणा (45) और मो. मुन्ना (55) के रूप में हुई।तलाशी के दौरान तैयब आलम के पास से 500 रुपये के 35 नोट, 200 रुपये के 25 नोट, 100 रुपये के 41 नोट तथा 20 रुपये का एक नोट बरामद किया गया। वहीं मो. मुन्ना के पास से 200 और 50 रुपये के नोट तथा जैयदुल राय के पास से 100 रुपये के दो नोट बरामद हुए।

पुलिस ने कुल 27,070 रुपये नकद जब्त किए। इसके अलावा प्रवीणा के घर की लकड़ी की अलमारी से 28 बंडल ताश के पत्ते बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद नकदी और ताश के पत्तों को जब्त कर कार्रवाई का वीडियो ई-साक्ष्य एप पर अपलोड किया है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की आगे जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment