आर्थिक-सामाजिक प्रगति से सशक्त हुईं जीविका दीदियां, वार्षिक आमसभा में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा।
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
शक्ति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, टेढ़ागाछ में बुधवार को वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी बड़ी संख्या में दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

आमसभा को संबोधित करते हुए डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा ने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति से जीविका दीदियां सशक्त हुई हैं। उन्होंने स्वरोजगार एवं रोजगार के विभिन्न साधनों को अपनाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शक्ति सहकारी समिति के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे संगठित होकर आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि जीविका दीदियों में बढ़ा आत्मविश्वास उनके प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने मेहनत और लगन से स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक प्रगति हासिल की है। वित्तीय साक्षरता, वित्तीय समावेशन और उद्यमिता से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं।
सहकारी समिति की अध्यक्ष मुन्नी देवी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शक्ति सहकारी समिति से 965 जीविका स्वयं सहायता समूह जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जीविका ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है।
आमसभा में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की सदस्यों ने वर्षभर के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सहकारी समिति के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों और उनकी रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडरों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रबंधक जीविका ऋषभ प्रसाद, बीपीएम टेढ़ागाछ पप्पू कुमार, जीविका कर्मी अमरेश, संजीत सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां एवं कैडर मौजूद रहे।