प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
निसार अहमद/बहादुरगंज
बहादुरगंज थाना में पदस्थापित चौकीदार (ग्रामीण पुलिस) ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौटने के दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में चौकीदार अहमद रजा गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम चौकीदार अहमद रजा अपनी बुलेट बाइक से ड्यूटी समाप्त करने के बाद लोहागाड़ा स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनकी बुलेट बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य माध्यमों से मामले की जांच में जुटी है।