मुरलीधर झा/दिघलबैंक
सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) किशनगंज के ‘बी’ समवाय दिघलबैंक द्वारा वाइब्रेंट विलेज तुलसिया अंतर्गत पीएम श्री विद्यालय तुलसिया में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल टीमों के खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में श्री पवन कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट, 12वीं वाहिनी एसएसबी,विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री महानंद झा, श्री मनोज कुमार, सहायक कमांडेंट, विद्यालय के शिक्षकगण, स्थानीय ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
10 टीमों को मिली खेल सामग्री
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत कुल 10 खेल टीमों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। इनमें 5 फुटबॉल टीमों को जर्सी, फुटबॉल तथा गोल पोस्ट नेट प्रदान किया गया। वहीं 5 वॉलीबॉल टीमों, जिसमें 3 पुरुष एवं 2 महिला टीमें शामिल हैं, को जर्सी, वॉलीबॉल तथा वॉलीबॉल नेट वितरित किया गया।
खेल सामग्री मिलने से खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना की और कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
खेल और फिटनेस पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पवन कुमार ने विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को खेलों में अधिक से अधिक रुचि लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और शारीरिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने लाभार्थियों से ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के अंतर्गत निरंतर खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम कर स्वयं को फिट रखने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से एसएसबी ने सीमावर्ती गांवों में युवाओं के बीच खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की। खेल सामग्री वितरण के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों और स्थानीय खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल रहा।