सागर चंद्रा/ किशनगंज
पुलिस ने गत 7 सितंबर को बहादुरगंज थाना क्षेत्र में घटित रिफाइंड तेल से भरे ट्रक लूटकांड का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश और मोतीहारी में छापेमारी कर घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रक और 189 टीन रिफाइंड तेल भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बुधवार को एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गत 7 सितंबर को बहादुरगंज थाना क्षेत्र स्थित एन एच 327 पर 1500 टीन सोयाबीन तेल लदे ट्रक को बदमाशों ने लूट लिया था। ट्रक संख्या डब्ल्यू बी 61 बी 6566 जोगबनी से गुवाहाटी की ओर जा रहा था। बदमाशों ने ट्रक को रोककर चालक एवं खलासी को बंधक बना लिया और ट्रक को नटुआपाड़ा स्थित ईंट भट्टा के पास ले जाकर सोयाबीन तेल के 450 डब्बे को दूसरे ट्रक में लोड कर भाग गया था। पीड़ित ट्रक चालक की लिखित शिकायत पर बहादुरगंज थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी संतोष कुमार ने इसे गंभीरता से लिया और स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था।
एसपी ने मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। वैज्ञानिक अनुसंधान और सूचनाओं के आधार पर पुलिस की एक टीम यूपी रवाना हो गई। टीम ने मेरठ जिले के किठौर मंसूरपुरा निवासी शहजाद को घटना में प्रयुक्त ट्रक के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर एक अन्य टीम मोतिहारी रवाना हो गई।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चकिया बाजार निवासी संजय कुमार मखरिया पिता शिव चंद्र मखरिया, दीपक सुल्तानिया पिता श्याम सुंदर सुल्तानिया और मधुबन बाजार निवासी दीपक कुमार पिता मदन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपियों से लूटे गए कुल 189 डब्बा रिफाइंड तेल भी बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों और बरामद सामान के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कांड के अनुसंधान तथा अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और पूर्व में संलिप्तता के संबंध में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।