किशनगंज: दिल्ली पब्लिक स्कूल किशनगंज में मंगलवार को छात्र नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्र कप्तान, उप कप्तान, सदन कप्तान एवं उप सदन कप्तान के शपथ ग्रहण व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में चयनित छात्र-छात्राओं को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई।

विद्यालय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों के मतदान एवं निर्धारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया गया था। समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों को बैज एवं पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न सदनों के प्रतिनिधियों एवं सदन प्रभारियों को उनके सदन ध्वज भी सौंपे गए।
विद्यालय प्रबंधन ने चयनित छात्र प्रतिनिधियों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, सदन गतिविधियों, अनुशासन एवं अन्य विद्यालयी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी। विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता के साथ सहयोग, अनुशासन, समयबद्धता और जिम्मेदारी की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मो. आसिफ इकबाल एवं प्रधानाचार्या फरहीन इकबाल ने चयनित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को पद देना नहीं, बल्कि उनमें नेतृत्व, जिम्मेदारी, अनुशासन और सामूहिक भावना विकसित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से पद को सम्मान के बजाय जिम्मेदारी और सेवा के अवसर के रूप में लेने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सभी चयनित छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।