न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दुकान में घुसकर मारपीट और सामान छीनने का आरोप, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन

फारबिसगंज/अरुण कुमार

फारबिसगंज थाना क्षेत्र के फुलवरिया हाट में दुकान में घुसकर मारपीट करने, गले से चांदी की चेन छीनने और दुकान का कीमती सामान जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर सुल्तान पोखर वार्ड संख्या-04 निवासी 19 वर्षीय अंकित कुमार, पिता किशोर प्रसाद ने फारबिसगंज थानाध्यक्ष को आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

पीड़ित ने बताया कि उनकी फुलवरिया हाट में फुटकर मनिहारा की दुकान है। उसने बताया कि खाद्यान्न के समय गुप्ता वाट स्टेशन रोड, फारबिसगंज के समीप फुटपाथ पर उसने राखी की दुकान लगाई थी। इसी दुकान में उसने पुराना दारमट्टी निवासी राज कुमार राय (20) को तीन दिनों के लिए स्टाफ के रूप में रखा था। तीन दिन का हिसाब करने के बाद उसे रुपये का भुगतान भी कर दिया गया था।

अंकित के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:10 बजे राज कुमार राय उसकी दुकान पर आया और गाली-गलौज करते हुए दो हजार रुपये की मांग करने लगा। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उसने दुकान का सारा सामान उठाने की धमकी दी।

पीड़ित ने आरोप लगाया गया है कि इसके बाद अमन कुमार श्रीवास्तव और राज कुमार राय के साथ दो-तीन अज्ञात लोग दुकान में घुस गए और कीमती सामान उठाने लगे। विरोध करने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने लोहे की रॉड से अंकित के सिर और आंख के ऊपर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान उसके गले में पहनी करीब आठ हजार रुपये की चांदी की चेन और पॉकेट में रखे 3,550 रुपये राज कुमार राय ने जबरन छीन लिए। इसके बाद दुकान का कीमती सामान भी ले जाने का आरोप लगाया गया है।

अंकित ने आवेदन में बताया है कि राज कुमार राय एवं एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। 13 सितंबर की सुबह राज कुमार राय ने मोबाइल पर फोन कर दुकान आने के बारे में पूछा, जबकि एक अज्ञात व्यक्ति ने भी फोन पर धमकी देते हुए कहा कि पुलिस को सूचना देने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा।

पीड़ित ने आवेदन में यह भी कहा है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद है। उसने आरोप लगाया कि संबंधित लोग दबंग एवं आपराधिक छवि के हैं और भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

पीड़ित अंकित कुमार ने फारबिसगंज थाना पुलिस से आरोपितों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले के तहकीकात में जुट गई है।

Share this news

Leave a Comment