न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अररिया में साइबर ठगी गिरोह का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार

2.20 लाख रुपये नकद, 58 सिम कार्ड, फिंगरप्रिंट व आई-स्कैनर समेत तकनीकी उपकरण बरामद

अररिया/ अरुण कुमार

अररिया साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 लाख 20 हजार रुपये नकद, 58 सक्रिय सिम कार्ड, चार मोबाइल फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक आई-स्कैनर समेत कई तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।

एसपी ने बताया कि 14 सितंबर को साइबर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी वार्ड संख्या-9 स्थित इंडियन गैस के पीछे एक नवनिर्मित भवन के फ्लैट में कुछ युवक अवैध तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल कर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद साइबर थाना की विशेष टीम ने फ्लैट में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास कर रहे चारों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सुनसान और नवनिर्मित भवनों में ठिकाना बनाकर फिंगरप्रिंट स्कैनर, आई-स्कैनर, आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली (AePS) समेत अन्य ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल करते थे। इसके जरिए लोगों के बैंक खातों से उनकी जानकारी के बिना रुपये निकाले जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बौसी थाना क्षेत्र के बसेठी वार्ड संख्या-10 निवासी 23 वर्षीय ऋषभ कुमार, पिता प्रमोद कुमार साह; महलगांव थाना क्षेत्र के अजवा वार्ड संख्या-1 निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार, पिता दिनेश साहनी; अररिया थाना क्षेत्र के किशनपुर वार्ड संख्या-6 निवासी 20 वर्षीय शशिकांत शर्मा, पिता कुंदन शर्मा तथा खलीलाबाद वार्ड संख्या-25 निवासी 26 वर्षीय नौशेरवान आदिल, पिता शौएब आलम के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि इस मामले में साइबर थाना अररिया में कांड संख्या 38/2026, दिनांक 14 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 318(4), 121(1), 338, 336(3), 340(2), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

एसपी जितेंद्र कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार कार्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी, ओटीपी, फिंगरप्रिंट अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। उन्होंने आधार कार्ड के बायोमेट्रिक्स को यूआईडीएआई पोर्टल या एम-आधार मोबाइल एप के माध्यम से लॉक रखने की सलाह दी।

छापेमारी टीम में एसआई सरोज कुमार, एसआई मनीषा कुमारी, गृहरक्षक अनमोल कुमार मंडल और निरंजन कुमार शामिल थे।

Share this news

Leave a Comment