किशनगंज /प्रतिनिधि
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र के जियापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिलाबाड़ी स्थित SSB 19वीं बटालियन कैंप से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कैंप में तैनात एक जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे कैंप परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक जवान की पहचान चैन मंडल (उम्र 24 वर्ष), पिता – प्रफुल्ल मंडल, थाना दीघा, जिला दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) निवासी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार जवान की रात 12 बजे से सुबह 3 बजे तक संतरी ड्यूटी थी। इसी दौरान उसने अपनी सरकारी इंसास राइफल से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर अन्य जवान मौके पर पहुंचे तो जवान खून से लथपथ पड़ा मिला।
वही घटना की सूचना मिलते ही जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार, SDPO मनोज कुमार, CI पंकज पंथ और SSB के DIG ए.के.सी सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में FSL टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कैंप में मौजूद अन्य जवानों से पूछताछ की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से इंसास राइफल का एक खोखा बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
शव का मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कहा कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।