चरवाहे ने तीन बच्चों को बचाया, ग्रामीणों ने बरामद किया हिमांशु का शव; बादल की तलाश में एसडीआरएफ
अररिया/अरुण कुमार
भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर उत्तर पंचायत अंतर्गत शेखपुरा गांव के समीप शनिवार दोपहर लछहा नदी में नहाने गए पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए। हादसे में 10 वर्षीय हिमांशु उर्फ चिक्कू कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी बादल कुमार लापता है। वहीं तीन बच्चों को स्थानीय चरवाहे ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी ललित साह का 10 वर्षीय पुत्र हिमांशु उर्फ चिक्कू कुमार, राजदीप साह का पुत्र बादल कुमार समेत तीन अन्य बच्चे शनिवार दोपहर करीब दो बजे शेखपुरा स्थित लछहा नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान सभी बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
इसी दौरान नदी के समीप भैंस चरा रहे एक चरवाहे की नजर डूबते बच्चों पर पड़ी। उसने तत्काल नदी में छलांग लगाकर तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि हिमांशु और बादल गहरे पानी में डूब गए। चरवाहे के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में खोजबीन शुरू की।
काफी प्रयास के बाद हिमांशु उर्फ चिक्कू कुमार का शव बरामद कर लिया गया, लेकिन बादल कुमार का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की सूचना पर प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया है। लापता बच्चे की तलाश जारी है।
अंचलाधिकारी ने की घटना की पुष्टि
घटना की पुष्टि करते हुए अंचलाधिकारी पूजा कुमारी ने बताया कि कुल पांच बच्चे नदी में नहाने गए थे। अचानक गहरे पानी में चले जाने से हादसा हुआ। तीन बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि हिमांशु को मृत अवस्था में बरामद किया गया है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बादल की काफी खोजबीन कराई गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। अब उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
हादसे के बाद मृतक हिमांशु के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं लापता बादल के परिजन और ग्रामीण उसकी सलामती की उम्मीद लगाए नदी किनारे डटे हुए हैं।