न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

शराब लदी टोटो को ट्रक ने मारी ठोकर, महिला गंभीर

बहादुरगंज के महादेवदिघी चौक के पास हादसा, टोटो से 10 बोतल शराब बरामद; चालक फरार

निसार अहमद/ बहादुरगंज (किशनगंज)

बहादुरगंज थाना क्षेत्र के महादेवदिघी चौक के समीप शनिवार की सुबह शराब ले जा रही एक टोटो को ट्रक ने ठोकर मार दी। हादसे में टोटो पर सवार 50 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान डोहर वार्ड संख्या चार निवासी उबैदा बेगम के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, दुर्घटना के बाद टोटो चालक फरार हो गया।

गैस सिलेंडर लेकर टोटो पर सवार हुई थी महिला

जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह एक टोटो बंगाल से शराब लेकर जोकीहाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान महादेवदिघी चौक के समीप डोहर निवासी उबैदा बेगम ने टोटो को रुकवाया। महिला को गैस सिलेंडर लेने के लिए महादेवदिघी गैस कार्यालय जाना था। वह गैस सिलेंडर के साथ टोटो पर सवार हो गई। इसी बीच अररिया की ओर से आ रहे एक ट्रक ने टोटो में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

टोटो की तलाशी में मिली शराब की 10 बोतलें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त टोटो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टोटो से 750 एमएल की छह तथा 375 एमएल की चार शराब की बोतलें बरामद हुईं। कुल 10 बोतल शराब मिलने के बाद पुलिस ने शराब सहित क्षतिग्रस्त टोटो को जब्त कर लिया है।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

बहादुरगंज थाने के अपर थानाध्यक्ष रंजीत भारती ने बताया कि दुर्घटना के बाद टोटो चालक फरार हो गया। घायल महिला को बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। टोटो की तलाशी के दौरान शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने टोटो और शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this news

Leave a Comment