नगर निगम का 15 दिवसीय विशेष “आवास पूर्ण महाअभियान” जारी
वार्ड 21 के तियरपाड़ा में लाभार्थियों से की गई सीधी बातचीत
कटिहार – प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से कटिहार नगर निगम की ओर से 15 दिवसीय विशेष “आवास पूर्ण महाअभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 45 तक लाभार्थियों के साथ वार्डवार बैठक आयोजित कर आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की जा रही है।इसी क्रम में शुक्रवार को वार्ड संख्या 21 के तियरपाड़ा में लाभार्थियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार ने लाभार्थियों से एक-एक कर बातचीत की तथा आवास निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने प्रथम अथवा द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त कर चुके, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं करने अथवा निर्माण को अधूरा छोड़ने वाले लाभार्थियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया।नगर आयुक्त श्री कुमार ने लाभार्थियों को बताया कि एचएफए 1.0 के आवासों को सितंबर 2026 तक पूर्ण कराने का विभागीय निर्देश प्राप्त हुआ है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील किया कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने आवास का निर्माण पूरा करें।
ताकि सरकार से मिलने वाली शेष सहायता राशि का भुगतान ससमय किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है, वे बिना विलंब कार्य शुरू करें। वहीं अधूरे आवासों को भी शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता है। नगर आयुक्त ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के बाद आवास पूर्ण करने पर सरकारी सहायता राशि प्राप्त करने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी लाभार्थी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दें।अभियान के दौरान वार्डवार बैठकें आयोजित कर लाभार्थियों की समस्याओं को सुना जा रहा है।
निर्माण में आ रही अड़चनों की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है। साथ ही लाभार्थियों को आवास निर्माण की प्रगति तेज करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।नगर निगम का उद्देश्य 15 दिवसीय विशेष अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक अधूरे आवासों को पूर्ण कराना है, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकार की सहायता राशि का लाभ समय पर मिल सके। नगर निगम ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे आवास निर्माण में किसी प्रकार की देरी न करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवास पूर्ण कर “सबके लिए आवास” के लक्ष्य को साकार करने में सहयोग करें।