गाजे-बाजे के साथ निकले श्रद्धालु
कटिहार – कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर यदुवंशी सेना की ओर से शुक्रवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा के दौरान हुई भारी बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था को नहीं डिगा सकी। बारिश के बीच बड़ी संख्या में यदुवंशी समाज के लोग और श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरा शहर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और जयकारों से गूंजता रहा।शोभायात्रा हवाई अड्डा मैदान से शुरू हुई।
यहां से झुलनिया मोड़,शिव मंदिर चौक,दौलतराम चौक, पानी टंकी चौक,एमजी रोड, शहीद चौक होते हुए मनिहारी मोड़ तक शोभायात्रा पहुंची। इसके बाद मिरचाईबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के रास्ते शोभायात्रा राज गार्डन पहुंची। आकर्षक ढंग से सजाये गये रथ पर भगवान श्रीकृष्ण का रूप लिये बालक विराजमान थे, गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, शोभायात्रा में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुए।
बारिश के बावजूद लोगों के कदम नहीं रुके। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। भक्ति और उत्साह का ऐसा माहौल रहा कि बारिश भी लोगों की आस्था के सामने फीकी पड़ गयी।यदुवंशी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शोभायात्रा का आयोजन किया गया, श्रीकृष्ण ने समाज को धर्म, कर्म, सत्य और एकता का संदेश दिया।
शोभायात्रा के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा और एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया गया। शोभायात्रा हृदयगंज स्थिति राज गार्डन पहुंचने के बाद भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित किया गया।
इसके बाद महाभंडारा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर यदुवंशी सेना के कार्यकर्ताओं ने पहले से व्यापक तैयारी की थी, बारिश के बावजूद कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहा।