28 से 30 बोरी मटर की हुई लुट
पौआखाली/रणविजय
एनएच 327ई राजमार्ग पर सुखानी थाना क्षेत्र के भेलागुड़ी पुल के पास एक दर्दनाक हादसे के बीच मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल शनिवार की सुबह सात बजे घने कोहरे के कारण मटर से लदा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में वैन सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए, लेकिन मौके पर पहुँचे कुछ ग्रामीणों ने घायलों की मदद करने के बजाय वाहन पर लदी मटर की बोरियों पर ही हाथ साफ करना शुरू कर दिया यह बयान दुर्घटनाग्रस्त वैन के पीड़ित चालक रवि यादव और उनके साथ शामिल रहे राजा यादव ने एक स्थानीय सोशल मीडिया चैनल को दिया है.
पिकअप चालक रवि यादव के अनुसार वे मुंगेर से 51 बोरी मटर लेकर धुपगुड़ी पश्चिमबंगाल जा रहे थे, एनएच 327ई पर भेलागुड़ी पुल के समीप घना कुहासा होने के कारण उन्हें कुछ भी दिखाई नही दिया जिससे उन्होंने नियंत्रण खो दिया और पिकअप वैन सड़क किनारे लगे एक लोहे के खंभे से टकराने के बाद दस पंद्रह मीटर दूर जाकर पलट गई. किसी तरह हमदोनों वैन से बाहर निकले ही थें कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने फिर से वैन में ठोकर मार दी जिसमें हमदोनों की जानें बाल बाल बच गई.
हादसे के बाद जब चालक और घायल मदद की उम्मीद कर रहे थे, तभी कुछ स्थानीय लोगों की संवेदनहीनता सामने आई. दरअसल उनलोगों ने घायलों का हाल पूछने के बजाय वैन से मटर की बोरियाँ गायब करना शुरू कर दिया. चालक ने बताया कि देखते ही देखते भीड़ ने करीब 28 से 30 बोरी मटर पार कर दी.
बहरहाल घटना की सूचना पाकर सुखानी पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वैन को घटना स्थल से उठाकर अपनी अभिरक्षा में रख लिया है और मामले की तहकीकात में जुट गई है. हालांकि इस बाबत थानाध्यक्ष मनु कुमारी ने बताया कि पीड़ित व्यक्तियों के द्वारा दुर्घटना के बाद मटर की बोरियां गायब करने के संबंध में लिखित रूप से कोई जानकारी थाने को नहीं दी गई है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अभिरक्षा में रहकर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.





























