किशनगंज:एक दिवसीय शिव चर्चा कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन,भक्तिमय हुआ माहौल

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भोरहा एवं धवैली पंचायत की सीमा पर स्थित शिशागाछी गांव के शिव मंदिर टोला में सोमवार 2 जनवरी को एक दिवसीय शिव चर्चा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे शिव शिष्य परिवार के सदस्यों के साथ-साथ नेपाल सीमा पार से भी बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने भाग लिया।


कार्यक्रम का आयोजन शिशागाछी गांव शिव शिष्य परिवार की ओर से किया गया, जिसमें सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शिव चर्चा के दौरान शिव भक्ति, जीवन में सत्य, अहिंसा, सदाचार और मानव सेवा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि शिव चर्चा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है।

इससे लोगों में आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।कार्यक्रम में शामिल शिव शिष्यों ने भजन-कीर्तन, प्रवचन एवं अनुभव साझा करते हुए शिव तत्व के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। शिव मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।


आयोजन को सफल बनाने में शिशागाछी गांव के शिव शिष्य परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से अहम भूमिका निभाई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी अतिथियों के स्वागत एवं व्यवस्था में सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई