किशनगंज:7.49 लाख की लागत से बने छठ घाट का विधिवत उद्घाटन, जनप्रतिनिधियों ने जताई प्रसन्नता

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बैगना पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित गिल्हनी गांव में जिला परिषद मद से 15वें वित्त आयोग (टाइड फंड) के तहत नवनिर्मित छठ घाट का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य खोशी देवी, उप मुखिया पूजन कुमार सिंह, वार्ड सदस्य नारायण माझी एवं जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद माझी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर छठ घाट का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद घाट परिसर में पूजा-अर्चना कर जनकल्याण की कामना की गई। छठ घाट के निर्माण से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया, क्योंकि अब छठ महापर्व के दौरान व्रतियों को पूजा-अनुष्ठान के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।जिला परिषद सदस्य खोशी देवी ने अपने संबोधन में कहा कि “ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक एवं जनसुविधा से जुड़े विकास कार्य हमारी प्राथमिकता है। बैगना गिल्हनी गांव में छठ घाट का निर्माण 7 लाख 49 हजार 400 रुपये की लागत से किया गया है।

इस घाट के बनने से छठ व्रतियों को काफी सहूलियत मिलेगी और आस्था के इस महापर्व को श्रद्धा के साथ मनाने में सुविधा होगी।” उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए जिला परिषद हर संभव प्रयास करती रहेगी।उप मुखिया पूजन कुमार सिंह एवं वार्ड सदस्य नारायण माझी ने भी जिला परिषद के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छठ घाट निर्माण लंबे समय से ग्रामीणों की मांग थी, जो अब पूरी हुई है।

जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद माझी ने बताया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है।


ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस घाट के निर्माण से न केवल धार्मिक आयोजन सुचारु होंगे, बल्कि गांव की पहचान भी मजबूत होगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई