टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 14 में माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक उत्तर वाहिनी मेले का भव्य शुभारंभ रविवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक श्रद्धा, सांस्कृतिक उल्लास और मेले की रौनक देखने को मिली। मेले का उद्घाटन संयुक्त रूप से प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन, जिला परिषद सदस्य खोशी देवी, पंचायत समिति सदस्य कुंती देवी, पंचायत मुखिया गिरजानंद सिंह एवं मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी ने फीता काटकर विधिवत रूप से किया।
उद्घाटन समारोह में जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद माझी, प्रमुख प्रतिनिधि तौसीफ आलम, महमूद आलम,गया नंद मंडल,पैक्स चेयरमैन सुंदर लाल सिंह, समिति प्रतिनिधि गौरीशंकर सिंह, मेला ठेकेदार मिथिलेश कुमार यादव, जगदीश प्रसाद विश्वास, राजू कुमार विश्वास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर वाहिनी मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान का प्रतीक है।
यह मेला वर्षों से लोगों की आस्था का केंद्र रहा है और समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करता आ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं, क्योंकि इससे स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं कारीगरों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। उन्होंने मेला समिति से शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने की अपील की।मेला ठेकेदार मिथिलेश विश्वास ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर वाहिनी मेला लगभग 25 दिनों तक चलेगा।
मेले में सभी आयु वर्ग के लोगों के मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया है। बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, खेल-खिलौने, सर्कस, मनोरंजन के आधुनिक साधन एवं आकर्षक दुकानों की व्यवस्था की गई है। वहीं युवाओं और बुजुर्गों के लिए भी मनोरंजन के साधन, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा हस्तशिल्प से जुड़ी दुकानें लगाई गई हैं। मेले में खाने-पीने की कई दुकानें भी सजाई गई हैं, जहां पारंपरिक ग्रामीण व्यंजनों के साथ-साथ आधुनिक खाद्य सामग्री उपलब्ध है।




























