विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ अंचल कार्यालय में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व से जुड़े मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन करना रहा। फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर क्रमवार सुनवाई की गई।
जनता दरबार में सीआई सह राजस्व कर्मचारी अरुण कुमार पांडेय ने मामलों की सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आपसी सहमति बनाकर विवादों के समाधान का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र से आए कुल दो मामलों का आपसी सहमति के साथ सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। वहीं फतेहपुर थाना क्षेत्र से संबंधित तीन मामलों का भी निष्पादन कर दिया गया।
हालांकि, बीवीगंज थाना क्षेत्र से आए कुल छह मामलों में आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण किसी भी मामले का निष्पादन नहीं हो सका। संबंधित पक्षों को आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने एवं अगली तिथि पर पुनः उपस्थित होने का निर्देश दिया गया, ताकि मामलों का विधिसम्मत समाधान किया जा सके।
सीआई अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि जनता दरबार के माध्यम से लोगों को न्याय सुलभ कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे छोटे-छोटे विवाद समय पर सुलझाए जा सकें और लोगों को अनावश्यक रूप से न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने फरियादियों से अपील की कि वे भूमि से जुड़े मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में उपस्थित हों।
जनता दरबार के दौरान थाना के सब इंस्पेक्टर एवं डाटा ऑपरेटर राजा कुमार सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने मामलों के अभिलेख संधारण एवं तकनीकी कार्यों में सहयोग किया। जनता दरबार के सफल आयोजन से फरियादियों में संतोष देखा गया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की गई।





























