पुलिस पब्लिक जनसंवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन,ऑन-द-स्पॉट समस्याओं का हुआ समाधान
किशनगंज /रणविजय
किशनगंज जिले में बेहतर कानून व्यवस्था और पुलिस-पब्लिक के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा रविवार को पौआखाली और जियापोखर थाना परिसर में ‘जन सुनवाई सह पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी’ का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए, जहाँ उन्होंने सीधे पुलिस कप्तान के सामने अपनी समस्याओं को रखते हुए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए. संवाद के दौरान एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट लहजे में कहा कि जिला पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि थाने में आने वाले हर फरियादी की बात सम्मान के साथ सुनी जाएगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एसपी ने कहा कि ज्यादातर हिंसक घटनाओं की जड़ भूमि विवाद होता है इसे सुलझाने के लिए अंचल स्तर पर जनता दरबार का प्रभावी उपयोग करने और कागजी प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने की बात कही.पुलिस अधीक्षक श्री कुमार ने आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई और अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति रखने वालों को चिन्हित कर उन पर कठोर कानूनी प्रहार करने की चेतावनी भी दी है।
वैसे तत्व जो गैर कानूनी मामलों में संलिप्त रहते है उसके विषय में आमजन से गुप्त सूचना देने की अपील एसपी ने की है. वहीं नशाखोरी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति दोहराते हुए उन्होंने कहा कि शराब और बालू माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनकी कमर तोड़ी जाएगी.
एसपी ने ग्रामीणों से अपील किया कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशे के कारोबार या अवैध खनन की सूचना उनके द्वारा जारी किए गए फोन नंबर पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. जन सुनवाई के दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट संज्ञान लेते हुए एसपी ने संबंधित थाना अध्यक्षों को निश्चित समय सीमा के अंदर जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
इनसे पहले उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबूनसर आलम और नौशाद आलम ने शॉल और माला पहनाकर एसपी संतोष कुमार का स्वागत किया. वहीं इस पहल से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भाव जगा है और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है. इस दौरान एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष गौतम कुमार, अंगद प्रसाद, महिमा कुमारी एम, सरोज कुमार मौजूद थें.




























