विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटगांव पंचायत के दहीभात के समीप सोमवार को पुलिस प्रशासन ने अवैध रूप से बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। यह कार्रवाई गोरीया नदी किनारे स्थित घाट से अवैध बालू खनन की गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरीया नदी के घाट से बिना किसी वैध अनुमति के लगातार बालू काटे जाने की शिकायतें मिल रही थीं।
इसी क्रम में सोमवार को टेढ़ागाछ थाना की पुलिस को सूचना मिली कि नदी घाट से अवैध रूप से बालू काटकर एक ट्रैक्टर के माध्यम से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर दहीभात के पास बालू लदे ट्रैक्टर को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि अवैध बालू खनन की सूचना के बाद पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई, जिसमें बालू लदा ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया। हालांकि पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जब्त ट्रैक्टर को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।




























