न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने अंचल अधिकारी महेश कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई का दिया आदेश

बिहार भूमि न्यायाधिकरण के आदेश के बावजूद मामले का गुण-दोष के आधार पर निष्पादन नहीं करने का आरोप, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जारी की कार्रवाई की विवरणी

पटना:बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में लापरवाही और कार्यशैली में अनियमितता के मामलों को लेकर विभागीय कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश पर विभाग ने तत्कालीन अंचल अधिकारी महेश कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई संचालित करने का आदेश दिया है।

विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, महेश कुमार जब गया जिले के बोधगया में अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, उस दौरान उनके कार्यकाल से जुड़े एक मामले में गंभीर लापरवाही का आरोप सामने आया है। वर्तमान में वे पटना जिले के पालीगंज में अंचल अधिकारी के पद पर पदस्थापित हैं।

जानकारी के मुताबिक, बिहार भूमि न्यायाधिकरण द्वारा वाद संख्या 127/2019 में 12 मई 2023 को पारित आदेश के अनुरूप मामले के गुण-दोष के आधार पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया। इसके कारण स्वत्व वाद लंबित रहा। वहीं, जमाबंदी निरस्तीकरण का सहारा लेकर मामले को समाप्त करने का आरोप भी लगाया गया है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने महेश कुमार के विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही संचालित करने का आदेश दिया है।उनके खिलाफ फिलहाल विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

विभाग की इस कार्रवाई को राजस्व मामलों के निष्पादन में जवाबदेही तय करने और अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this news

Leave a Comment