सागर चंद्रा/ किशनगंज
दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति और ससुराल वालों के द्वारा महिला और उसके दुधमुंहे बच्चे को घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता इंसाफ के लिए पुलिस के समक्ष जा पहुंची। पोठिया थाना क्षेत्र के सारोगोड़ा निवासी पीड़िता लाडली के लिखित शिकायत पर महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार लाडली की शादी 4 वर्ष पूर्व छमठिया नया बस्ती सारोगोड़ा निवासी रोयेल आलम, पिता हबीबुल रहमान के साथ हुई थी। शादी के वक्त मायके वालों ने हैसियत के अनुसार उपहार देकर उसे ससुराल विदा किया था। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद से ही पति और ससुराल वाले 5 लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे थे।
मायके से रुपये मांग कर नहीं लाने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बीच लाड़ली एक बच्चे की मां भी बन गई। लेकिन ससुराल वालों के प्रताड़ना का दौर खत्म नहीं हुआ। ससुराल वाले रोयेल की दूसरी शादी कराने की कोशिश करने लगे।
यहां तक की लाडली को जिंदा जलाने की कोशिश भी की गई। जिसे लेकर पंचायती भी की गई थी। लेकिन इसके बावजूद भी पति और ससुराल वालों ने उसे दुधमुंहे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। घटना के बाद लाड़ली ने अपने मायके में शरण ले ली है।