निसार अहमद/बहादुरगंज /किशनगंज
बहादुरगंज-अररिया मुख्य मार्ग एनएच 327ई पर एलआरपी चौक के समीप सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जहाँ मृतक की पहचान नटवापारा भोपला निवासी संजय कुमार पिता गौरीशंकर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात संजय कुमार अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से बहादुरगंज-अररिया मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में संजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया है। साथ ही, परिजनों को घटना की सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहादुरगंज में कराया गया है।