सूखे नशे के खिलाफ सुरंगा (नेपाल) से लसुना-दिघलबैंक बॉर्डर तक दौड़े भारत और नेपाल के धावक
पुरुष एवं महिला वर्ग में विजेताओं को प्रमाण पत्र और नगद राशि देकर किया गया सम्मानित
मुरलीधर झा/ दिघलबैंक
भारत-नेपाल मैत्री संघ सुरंगा उपशाखा के तत्वावधान में गुरुवार को सूखे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा दोनों देशों के बीच आपसी मित्रता और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से 24 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन की शुरुआत नेपाल के झापा जिले के सुरंगा से हुई, जबकि इसका समापन भारत-नेपाल सीमा पर लसुना (दिघलबैंक) में हुआ। इस मैराथन में भारत और नेपाल के सैकड़ों धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में बागलुंग जिले के ढोरपाटन नगरपालिका-6 निवासी तीर्थ पुन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मोरंग जिले के लेटांग निवासी विक्रम लिम्बू दूसरे तथा भारत के मालदा निवासी पंचानन बेरा तीसरे स्थान पर रहे।
इसी तरह महिला वर्ग में भारत के मालदा की संपता गैन ने प्रथम स्थान हासिल किया। जुम्ला जिले के गुठिचौर-3 निवासी राज्यलक्ष्मी रावल दूसरे तथा काठमांडू के त्रिपुरेश्वर निवासी सम्झना लिम्बू तीसरे स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को भारत-नेपाल मैत्री संघ की ओर से प्रमाण पत्र एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
मैराथन के समापन समारोह में नेपाल के कोशी प्रदेश के मुख्यमंत्री हिक्कमत कुमार कार्की एवं भारत के बिहार राज्य के किशनगंज जिले की ठाकुरगंज विधानसभा के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा मैत्री संघ के पदाधिकारी, झापा जिले के जनप्रतिनिधि, भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहे सूखे नशे के प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि नशे की लत से युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परिवारों के साथ-साथ पूरा समाज इसकी चपेट में आ रहा है। ऐसे में युवाओं को जागरूक करना और नशे के खिलाफ सामाजिक स्तर पर एकजुट होकर अभियान चलाना बेहद जरूरी है।
विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील की
ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि किशनगंज जिले में पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। हालांकि, इस सामाजिक बुराई को पूरी तरह समाप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर नशे के खिलाफ प्रहार करना होगा। जब समाज, खासकर युवा शक्ति जागरूक हो जाएगी और नशे के विरुद्ध मजबूती से खड़ी होगी, तो वह दिन दूर नहीं जब हमारा समाज पूरी तरह नशामुक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने इस तरह के आयोजनों को भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता एवं आपसी सौहार्द बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
दोनों देशों की मैत्री और सामाजिक एकता का संदेश
24 किलोमीटर की इस मैराथन के माध्यम से प्रतिभागियों ने खेल भावना, आपसी भाईचारे और नशामुक्त समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग मिलकर साझा प्रयास कर सकते हैं।
कार्यक्रम में नेपाल भारत मैत्री संघ सुरंगा उपशाखा के अध्यक्ष अर्जुन बोहोरा, गणेश सिंह, सांसद लखी कुमारी गणेश, कनकई नगर पालिका के अध्यक्ष राजेंद्र पोखरेल, अंजू देवी थपालिया, शेर बहादुर थबे, जय नारायण साह, गोवा कार्की, कविता बसनेत, दिघलबैंक की मुखिया पूनम देवी, 12वीं वाहिनी एसएसबी किशनगंज के कार्यवाहक कमांडेंट स्वपन रजक, सहायक कमांडेंट शिव राम कृष्णन, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह, दिघलबैंक थानाध्यक्ष बिपिन कुमार सहित दोनों देशों के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।