इरफान/पोठिया
प्रखंड अंतर्गत कस्बा कलियागंज पंचायत के तैयबपुर वार्ड संख्या 04 स्थित माटीगारा एवं वार्ड संख्या 03 के तैयबपुर बाजार के सैकड़ों राशन कार्डधारियों को अक्टूबर माह का खाद्यान्न नहीं मिलने पर गुरुवार को आक्रोश फूट पड़ा। इसके बाद सैकड़ों ग्रामीण स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पीडीएस दुकान पहुंचे और दोनों माह का राशन देने की मांग करने लगे। नाराज उपभोक्ताओं ने जन वितरण प्रणाली दुकानदार अब्दुल कय्यूम के विरुद्ध प्रदर्शन करते हुए बकाया राशन उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि अक्टूबर माह का राशन अब तक नहीं मिला है, जबकि नवंबर माह का वितरण शुरू कर दिया गया है। कई बार दुकानदार से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर सैकड़ों कार्डधारी एकजुट होकर दुकान पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने राशन में कटौती किए जाने का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शन में शामिल आशिया बेगम, रहनाज, नजरा खातून, सूबेदा बेगम, खैरून निशा, अख्तरी बेगम, रहिला खातून, कमरुन निशा, सरवरी बेगम, शोला देवी, अर्चना देवी, राधा देवी एवं लख्खी देवी सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए राशन ही भोजन का प्रमुख सहारा है। अक्टूबर माह का खाद्यान्न नहीं मिलने से परिवारों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
मौके पर क्षेत्र संख्या 14 के जिला परिषद सदस्य निरंजन राय, मुखिया प्रत्याशी अताउर रहमान एवं मो. शाहिद रेजा ने उपभोक्ताओं की समस्या पर नाराजगी जताई। जिला परिषद सदस्य ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश कुमार को फोन कर मामले की जानकारी दी और शीघ्र समाधान की मांग की।सूचना मिलने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश कुमार तैयबपुर पहुंचे।
उन्होंने कार्डधारियों को समझाते हुए फिलहाल नवंबर माह का राशन लेने की अपील की। एमओ ने बताया कि 31 अक्टूबर की सुबह दुकानदार को खाद्यान्न वितरण का निर्देश मिला था। सुबह से रात तक कार्डधारियों का फिंगरप्रिंट लिया गया, लेकिन विभागीय आदेश के अनुसार मशीन बंद हो जाने से अक्टूबर माह का वितरण पूरा नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि वितरण की अवधि चार दिन बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से एसडीओ को पत्र भेजा गया है। हालांकि, अभी तक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलते ही अक्टूबर माह का खाद्यान्न पहले संबंधित पीडीएस दुकान को उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग से अतिरिक्त आवंटन की मांग भी की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नवंबर माह का राशन सभी पात्र कार्डधारियों को दिया जाएगा।
वहीं, पीडीएस दुकानदार के पुत्र अफजल ने बताया कि 31 अक्टूबर को खाद्यान्न प्राप्त हुआ था। इसके बाद सुबह से रात करीब 10 बजे तक कार्डधारियों का फिंगरप्रिंट लिया गया, लेकिन मशीन बंद हो गई। इसकी सूचना संबंधित पदाधिकारी को दे दी गई थी। अक्टूबर माह का राशन उपलब्ध होते ही सभी कार्डधारियों को सूचित कर वितरण किया जाएगा।
जिला परिषद सदस्य निरंजन राय ने बताया कि क्षेत्र के लगभग 500 से अधिक उपभोक्ताओं को अक्टूबर माह का राशन नहीं मिला है। पिछले 15 दिनों से लोग परेशान हैं। उन्होंने इसे विभागीय चूक बताते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही का खामियाजा गरीब जनता को भुगतना पड़ता है। उन्होंने अपने स्तर से भी पत्राचार कर समस्या के समाधान का प्रयास करने की बात कही।
जिला परिषद सदस्य निरंजन राय, अताउर रहमान, मो. शाहिद रेजा सहित दर्जनों जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर अक्टूबर माह का बकाया खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि प्रभावित कार्डधारियों को राहत मिल सके।