निसार अहमद /बहादुरगंज
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद नशे की रोकथाम करने वाले कर्मी के द्वारा ही नशे मे धुत होकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। मामला बहादुरगंज थाना क्षेत्र का है, जहाँ लोहागाड़ा पिकेट पर तैनात डायल 112 के चालक बादल तिवारी 43 वर्ष को शराब के अत्यधिक नशे में गिरफ्तार किया गया है।
बहादुरगंज थाना में पदस्थापित महिला पुलिस अवर निरीक्षक रूपा कुमारी ने जानकारी दी कि वे संध्या गश्ती के दौरान ड्यूटी पर थीं। इसी बीच बुधवार की रात लगभग 9:45 बजे सूचना मिली कि लोहागाड़ा पिकेट पर ईआरवी वाहन का चालक बादल तिवारी शराब के नशे में जमकर हंगामा और हल्ला कर रहा है।
सूचना मिलने पर जब बहादुरगंज थाना की पुलिस टीम लोहागाड़ा पिकेट पहुँची तो आरोपी चालक पुलिस बल को देखकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। उसके मुँह से शराब की तेज़ बदबू आ रही थी।पुलिस टीम जब आरोपी चालक को मेडिकल जाँच और श्वास परीक्षण के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुँची, तो आरोपी वहाँ भी बाज नहीं आया। उसने अस्पताल के डॉक्टर और उपस्थित पुलिसकर्मियों के साथ बेहद अभद्र व्यवहार एवं बदतमीजी की।
जहाँ ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जाँच करने पर चालक द्वारा अल्कोहल सेवन किये जाने की पुष्टि हुई। पुलि द्वारा बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने और संज्ञेय अपराध के तहत आरोपी चालक बादल तिवारी पिता- जय प्रकाश तिवारी, निवासी- भगवान बाजार, थाना- दाउदपुर, जिला- छपरा के विरुद्ध काण्ड दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर गुरूवार के दिन न्यायालय मे प्रस्तुत किया गया है।