प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय दोगिरजा का किया निरीक्षण, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से की लंबी बातचीत; बालिका शिक्षा को लेकर अभिभावकों से की विशेष अपील
किशनगंज/प्रतिनिधि
बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालय में नियमित उपस्थिति से ही तैयार होती है. अभिभावकों की जागरूकता और शिक्षकों की जिम्मेदारी इसमें सबसे अहम भूमिका निभाती है.खासकर बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देना समय की जरूरत है.यह बातें स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को दिघलबैंक प्रखंड के प्लस टू उच्च माध्यमिक सह मध्य विद्यालय दोगिरजा के निरीक्षण के दौरान कहीं.

विद्यालय पहुंचने पर विधायक ने सबसे पहले शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों,अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर काफी देर तक संवाद किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई,विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था,शिक्षकों की भूमिका और अभिभावकों की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की.विधायक ने छात्र-छात्राओं से भी उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषयों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली.बच्चों से सीधे संवाद कर उन्होंने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में ऊंचा लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया.

अभिभावकों से की अपील
अभिभावकों से बातचीत के दौरान विधायक गोपाल अग्रवाल ने विशेष रूप से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की.उन्होंने कहा कि केवल विद्यालय में नामांकन करा देना ही अभिभावकों की जिम्मेदारी पूरी नहीं करता, बल्कि बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजना और उनकी पढ़ाई पर ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है.उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है.
बेटियों का पढ़ना ज्यादा जरूरी
विधायक ने बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए अभिभावकों से कहा कि बेटियों को भी बेटों के समान शिक्षा प्राप्त करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए. खासकर बच्चियों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में किसी तरह की बाधा नहीं आने दें.शिक्षित बेटी न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और पूरे क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है. उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को लेकर पुरानी सोच से बाहर निकलने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया.
विधायक ने किया सीधा संवाद
वहीं विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और पठन-पाठन की व्यवस्था को देखकर विधायक संतुष्ट नजर आए. उन्होंने शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने, बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया.
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला भी है.वहीं विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक जय प्रकाश दास और मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो.अबुल कासिम ने विद्यालय में डेस्क बेंच,चारदीवारी के दरवाजा,शौचालय और शुद्ध पेयजल जल जैसे मूलभूत और जरूरी सुविधाओं की ओर विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया.