किशनगंज/सागर चंद्रा
गस्त के दौरान उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार ने उर्वरक लदे एक जुगाड़ वाहन को रोका और पुलिस को घटना की जानकारी दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दबंग उर्वरक मालिक अपने गुर्गों के साथ मौके पर पहुंच गया और उर्वरक निरीक्षक को बंधक बना लिया। फिर आराम से उर्वरक लदे वाहन को लेकर फरार हो गया।
हालांकि कुछ ही देर बाद टाउन थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन तब तक सभी फरार हो गया था। उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार उर्वरक की कालाबाजारी को रोकने के लिए नीरज कुमार गस्त कर रहे थे। इसी दौरान महीनगांव बेलवा चौक से होकर गुजर रहे प्लास्टिक से ढंके एक जुगाड़ वाहन को उन्होंने रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक वाहन को लेकर चकला की दिशा में फरार हो गया। जिसे कलवर्ट के पास पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान चालक तजेबुर रहमान ने बताया कि वाहन में डीएपी और यूरिया लदा है। इसी बीच जियारूल हक नामक व्यक्ति ने नीरज कुमार को फोन किया। इसके कुछ ही देर बाद डब्ल्यू बी 92 बी 2918 नंबर की अपाची बाइक से एक व्यक्ति 8-10 लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और बताया कि खाद उसका है।
लेकिन नीरज कुमार ने जब उससे खाद से संबंधित कागजात की मांग की तो वह उर्वरक निरीक्षक से दुर्व्यवहार करने लगा। नीरज कुमार ने फौरन टाउन थाना पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। लेकिन इसी बीच बाइक सवार व्यक्ति और उसके साथी उर्वरक लदे वाहन को लेकर फरार हो गया।