मनिहारी /कटिहार प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी कटकोश पंचायत के पुल के समीप नया टोला गांव में दोपहर आग लगने से पांच परिवारों के घर जलकर राख हो गए। अगलगी की घटना में नसीमा खातून, समशेदा खातून, खेरुण निशा, जाहिरा खातून और मस्तरा खातून के परिवार प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को सभी पीड़ित परिवारों को आपदा राहत उपलब्ध कराई।
शनिवार को मनिहारी अंचल प्रशासन की ओर से सीओ चंदन कुमार ने दक्षिणी कांटाकोस के मुखिया शरीफ फूल ऊर्फ धोनी और ग्रामीणों की मौजूदगी में पांचों पीड़ित परिवारों को अपने हाथों से 12-12 हजार रुपए की आपदा राहत राशि का चेक प्रदान किया। इसके साथ ही प्रत्येक परिवार को पॉलिथीन शीट समेत आवश्यक राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। घटना के करीब 24 घंटे के अंदर राहत राशि मिलने से पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता मिली।
सीओ चंदन कुमार ने कहा कि अगलगी की घटना में प्रभावित सभी परिवारों को नियमानुसार तत्काल आपदा राहत उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि आपदा से प्रभावित लोगों को समय पर सरकारी सहायता मिले। जरूरत के अनुसार आगे भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
अगलगी के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था को लेकर परेशानी उत्पन्न हो गई है। राहत सामग्री मिलने से उन्हें फिलहाल अस्थायी राहत मिली है।