न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

डकैती की योजना बना रहे 6 अपराधी गिरफ्तार,एक विधि-विरुद्ध बालक सहित हथियार और स्मैक बरामद

कटिहार – मुख्यमंत्री के संभावित यात्रा को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में सक्रिय पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मनिहारी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी डकैती की योजना बना रहे छह बदमाशों को हिरासत में लिया है। योजना बनाने में एक विधि-विरुद्ध बालक की भी संलिप्तता की जानकारी मिली है।

इन बदमाशों के पास से एक देसी पिस्तौल,जिंदा कारतूस,भारी मात्रा में स्मैक, मोबाइल फोन, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। यातायात डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया है कि शुक्रवार की देर रात को मनिहारी थाना पुलिस वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ शातिर किस्म के अपराधी महियारपुर स्थित ईंट भट्ठा के पीछे जमा होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना का सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई करने पुलिस टीम महियारपुर स्थित सुभाष मंडल के ईंट भट्ठा के पीछे घेराबंदी की। पुलिस की आहट मिलते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल द्वारा खदेड़कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्तौल, मैगजीन में एक जिंदा गोली, 9.6 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, 05 मोबाइल फोन, 2,311 रुपये नकद, एक लाइटर और दो मोटरसाइकिल बरामद किया गया।

इस संबंध में यातायात उपाधीक्षक श्री हुसैन ने बताया कि मनिहारी थाना में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में मो. तनवीर, मो. मुहरलीम, पवन कुमार चौधरी, विकास कुमार, अंकित कुमार और प्रीतम कुमार शामिल हैं। वहीं इसके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।

Share this news

Leave a Comment