किशनगंज/विजय कुमार साह
SBI RSETI किशनगंज में 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। इस अवसर पर प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एलडीएम किशनगंज अखिलेश कुमार एवं SBI RSETI के निदेशक सुबोध कुमार रॉय ने प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरित किए।समारोह को संबोधित करते हुए एलडीएम अखिलेश कुमार ने कहा कि ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में SBI RSETI की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अगरबत्ती निर्माण जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण से कम पूंजी में व्यवसाय शुरू कर आजीविका को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने और बाजार की मांग के अनुरूप व्यवसाय विकसित करने का आह्वान किया।
निदेशक सुबोध कुमार रॉय ने प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद व्यवसाय शुरू करने के लिए कच्चे माल की उपलब्धता, उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लागत-लाभ एवं बाजार की जानकारी पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को अगरबत्ती निर्माण के लिए कच्चे माल की पहचान, मिश्रण तैयार करने, निर्माण तकनीक, सुखाने, सुगंध एवं गुणवत्ता बनाए रखने, पैकेजिंग और विपणन की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रमाण-पत्र प्राप्त कर प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह देखा गया। उन्होंने प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू करने की बात कही।
कार्यक्रम में फैकल्टी अज़मल यज़दानी, सुभाष कुमार मंडल, रविंद्र कुमार, पंकज कुमार, अभिषेक कुमार सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।