1 देशी कट्टा के साथ 1 लाख रुपये बरामद
किशनगंज/सागर चंद्रा
पुलिस ने 1.3 करोड़ रुपये मुल्य के 405 ग्राम ब्राउन शुगर और 183 ग्राम एमडीएमए के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा हाट में की गई कार्रवाई के दौरान बब्लू गिरी पिता खगेश्वर गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के घर से 1 देशी कट्टा के साथ 1,01,300 रुपये बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बहादुरगंज थाने में केस दर्ज कर गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार एसपी संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बब्लू गिरी अपने घर से मादक पदार्थ की तस्करी करता है। सूचना के आधार पर एसपी ने एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम में एएनटीएफ और बहादुरगंज पुलिस शामिल थी।
टीम ने गुरुवार को बब्लू गिरी के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 405 ग्राम ब्राउन शुगर, 183 ग्राम एमडीएमए, एक देशी कट्टा, एक लाख एक हजार तीन सौ रुपये, दो तलवार, छह मोबाईल, छह डेविड कार्ड और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजु बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। बहादुरगंज और दिघलबैंक थाने में उसके विरुद्ध की मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने मादक पदार्थ के खरीद बिक्री करने की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी के गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है। आरोपी के द्वारा अर्जित की गई अपराध जनित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जप्त करने की कार्रवाई की जायेगी।