धनतेरस पर सर्राफा बाजारों में विशेष निगरानी, छठ पर मनिहारी गंगा घाट में भीड़ नियंत्रण की होगी मुकम्मल व्यवस्था
मनिहारी/कटिहार – दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था,सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आम लोगों की सुविधा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
एसडीएम ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। बैठक में दीपावली एवं धनतेरस के अवसर पर बाजारों में होने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। खासकर सर्राफा बाजारों एवं अत्यधिक भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों के आसपास पुलिस की विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन एवं पुलिस बल को मुकम्मल तैयारी के साथ मुस्तैद रहने को कहा गया।वहीं छठ महापर्व के अवसर पर मनिहारी गंगा तट पर स्नान एवं अर्घ्य अर्पित करने के लिए उमड़ने वाली संभावित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने गंगा घाट पर भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने तथा खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां स्नान पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया।उन्होंने स्नान योग्य नदी क्षेत्र में बैरिकेडिंग कराने, गंगा तट पर पर्याप्त साफ-सफाई एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
गंगा किनारे तथा गंगा घाट की ओर जाने वाले रास्तों से अनावश्यक अवरोध हटाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।एसडीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों सहित पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विधि-व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया। बैठक मे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार, बीडीओ सनत कुमार, राजस्व पदाधिकारी रामसागर, थानाध्यक्ष संतोष झा, स्वच्छता पदाधिकारी आरुष कुमार, सहित अन्य विभाग के अधिकारी, कर्मी व गण्यमाण्य लोग शामिल थे।