रणविजय /पौआखाली
जगत शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना गुरुवार को पौआखाली नगर में धूमधाम और भक्तिभाव के साथ की गई. विश्वकर्मा पूजा को लेकर नगर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला. घरों के अलावा विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, तकनीकी संस्थानों एवं सरकारी कार्यालयों में भी विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई.
पौआखाली विद्युत आपूर्ति प्रशाखा अंतर्गत विद्युत उपशक्ति केंद्र में कनीय अभियंता अभय रंजन की देखरेख में विशेष तैयारियां की गई थीं. यहां भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की गई. पूजा के बाद श्रद्धालुओं एवं कर्मियों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया.
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर लोगों ने अपने मोटरयान, मशीनरी, औजारों एवं घरों में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों की भी पूजा कर सुख-समृद्धि और कार्यों में सफलता की कामना की. दिनभर पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा.