न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

भारत-नेपाल सीमा पर एपीएफ और एसएसबी का संयुक्त स्वच्छता अभियान, सीमा स्तंभ 134 के आसपास की गई साफ-सफाई

दिघलबैंक/मुरलीधर झा

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘बी’ समवाय दिघलबैंक, 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), किशनगंज द्वारा नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के साथ संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया गया।

संयुक्त अभियान का आयोजन भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सीमा स्तंभ संख्या 134 के समीप नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में किया गया। अभियान के दौरान सीमा स्तंभ के आसपास के इलाके में विशेष रूप से साफ-सफाई की गई तथा वहां उगी झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों को काटकर क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया।

अभियान के दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों के जवानों ने आपसी समन्वय के साथ स्वच्छता कार्य में भाग लिया। सीमा क्षेत्र में नियमित रूप से इस प्रकार के अभियान चलाए जाने से न केवल आसपास का वातावरण स्वच्छ रहता है, बल्कि सीमा स्तंभों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के रखरखाव में भी सहायता मिलती है।

इस संयुक्त स्वच्छता अभियान में एपीएफ, नेपाल की ओर से निरीक्षक नारायण तमांग, उप निरीक्षक हेम पांडे सहित छह अन्य जवान मौजूद रहे। वहीं एसएसबी की ओर से सहायक कमांडेंट मनोज कुमार, तीन अधीनस्थ अधिकारी एवं सात अन्य जवान शामिल हुए।


अभियान के दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग भी देखने को मिला। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह की संयुक्त गतिविधियां सीमावर्ती क्षेत्र में सकारात्मक संदेश देती हैं।

एसएसबी और एपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया यह अभियान सीमा क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा स्थानीय स्तर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Share this news

Leave a Comment