न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए युवाओं को फंसाने से रहें सतर्क

मानव तस्करी व ऑनलाइन शोषण के प्रति विजडम किड्स गार्डन में जागरूकता कार्यक्रम,1930 व 1098 की दी जानकारी

कटिहार – जिले के सरदाही स्थित विजडम किड्स गार्डन में अभिलाषा परिवार स्वयंसेवी संस्था कटिहार के तत्वावधान में सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से मानव तस्करी एवं युवाओं के शोषण की बढ़ती समस्या को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सुबह आठ बजे से शुरू हुआ।

इसमें छात्र-छात्राओं और युवाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल तथा साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।अभिलाषा परिवार स्वयंसेवी संस्था के सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, वाट्सऐप सहित सोशल मीडिया प्लेटफार्म और ऑनलाइन गेमिंग का गलत इस्तेमाल कर अपराधी युवाओं को अपने जाल में फंसा सकते हैं।

फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन ग्रूमिंग के माध्यम से पहले भरोसा कायम किया जाता है। इसके बाद प्रेम,शादी, नौकरी, मॉडलिंग या अभिनय के नाम पर झांसे में लेकर ब्लैकमेल अथवा शोषण का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से परेशान अथवा परिवार से पर्याप्त संवाद नहीं रखने वाले किशोर-किशोरियां और युवा ऐसे मामलों में आसानी से प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने तथा निजी जानकारी, पता, मोबाइल नंबर और तस्वीरें साझा नहीं करने की सलाह दी। वही कर्तव्य वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन कटिहार के अध्यक्ष अरुण कुमार चौबे ने कहा कि जल्द पैसा कमाने और रातों-रात अमीर बनने की चाहत भी युवाओं को साइबर अपराधियों के जाल में फंसा सकती है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से अपनी समस्याएं माता-पिता के साथ साझा करने तथा किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में नहीं आने की अपील की।

कार्यक्रम में साइबर ठगी की शिकायत के लिए 1930 तथा बच्चों से संबंधित सहायता के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं के बीच समूह चर्चा कर उनसे फीडबैक भी लिया गया।मौके पर विजडम किड्स गार्डन के निदेशक राजकुमार गुप्ता, प्राचार्य हेमा कुमारी, उप प्राचार्य जितेंद्र कुमार दास, शिक्षक पूजा झा, अनीश कुमार, कोमल कुमारी, सुमित कुमार, शिवांशु कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं और युवा उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Comment