किशनगंज:पूर्णिया विश्वविद्यालय के तत्वावधान में मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज की मेजबानी में आयोजित अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का समापन बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में सीमांचल क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मेजबान मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आर.के. शाह महिला कॉलेज, किशनगंज दूसरे, नेहरू कॉलेज, बहादुरगंज तीसरे तथा कोचाधामन डिग्री कॉलेज चौथे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में मारवाड़ी कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना भी विकसित होती है। अंतर महाविद्यालय एवं अंतर विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।
कोचाधामन डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद में भागीदारी भी आवश्यक है। ताइक्वांडो जैसे खेल आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रशासन, खेल विभाग, निर्णायक मंडल और प्रतिभागी महाविद्यालयों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के प्रमुख पदक विजेता
बालक वर्ग के अंडर-54 किलोग्राम भार वर्ग में मारवाड़ी कॉलेज के मोहम्मद रिजवान ने स्वर्ण, इसी कॉलेज के सुमित कुमार ने रजत तथा नेहरू कॉलेज, बहादुरगंज के अजीत ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में मारवाड़ी कॉलेज के अनिकेश शर्मा ने स्वर्ण और नेहरू कॉलेज के राहत ने रजत पदक हासिल किया। इसी वर्ग में बैसा डिग्री कॉलेज के मोटू कुमार दास और टुनटुन कर्मकार को कांस्य पदक मिला। अंडर-68 किलोग्राम भार वर्ग में नेहरू कॉलेज के सोयम कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं बैसा डिग्री कॉलेज के विवेक कुमार और यशीन ने भी कांस्य पदक हासिल किया।
बालिका वर्ग के अंडर-46 किलोग्राम भार वर्ग में मारवाड़ी कॉलेज की शीला साह ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। आर.के. शाह महिला कॉलेज की जायनब ने रजत तथा इसी कॉलेज की हिना, सहाना और फातमा ने कांस्य पदक हासिल किया। इस वर्ग में गुड्डी, जुही और आरती को भी कांस्य पदक मिला। अंडर-53 किलोग्राम भार वर्ग में मारवाड़ी कॉलेज की निशा कुमारी ने स्वर्ण, दमकशन ने रजत तथा ज्योति बास्की और अजीबो ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-57 किलोग्राम भार वर्ग में आर.के. शाह महिला कॉलेज की मोना ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि ओपन-73 किलोग्राम भार वर्ग में इसी कॉलेज की नाजिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. उमाशंकर भारती और पीटीआई रविकांत गंजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में सादिक अख्तर, शादमां परवीन, अनवरुल हक, मोहम्मद वसीम और पंकज कुमार शामिल थे।
समापन समारोह में कॉलेज के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी समारोह में भाग लिया। विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।