न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बहादुरगंज में विकास योजनाओं को लेकर मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने की जनप्रतिनिधियों संग बैठक, मुक्तिधाम का किया शिलान्यास

सड़क निर्माण और टाउन हॉल के जीर्णोद्धार की मांग पर नगर विकास मंत्री से साधा संपर्क, प्राक्कलन तैयार कर भेजने को मिली हरी झंडी; सक्षम लोगों से बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील

निसार अहमद /बहादुरगंज

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने मंगलवार को बहादुरगंज प्रखंड मुख्यालय परिसर में जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने शिवपुरी श्मशान घाट में मुक्तिधाम निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास भी किया।

मंत्री डॉ. जायसवाल ने बताया कि विधान पार्षद मद से मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, स्थानीय निवासी राम कुमार अग्रवाल की ओर से यहां लोगों के बैठने के लिए पक्के निर्माण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम बनने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

म्यूटेशन के लंबित मामलों पर दी सफाई

जमीन के म्यूटेशन में हो रही देरी से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि लगभग 20 प्रतिशत मामले लंबित हैं, जिनमें अधिकांश के पीछे आपसी विवाद प्रमुख कारण है। विवादित जमीन का म्यूटेशन तब तक संभव नहीं है, जब तक न्यायालय से संबंधित वाद का निपटारा नहीं हो जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय में मामला लंबित रहने की स्थिति में नियमानुसार ही आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

सक्षम लोगों से बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील

मंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अपील का समर्थन करते हुए आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से बिजली सब्सिडी स्वेच्छा से छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि संपन्न लोग यदि सब्सिडी का लाभ लेना बंद कर दें तो इसका फायदा जरूरतमंद और गरीब परिवारों तक पहुंचाया जा सकता है।

सड़क और टाउन हॉल के मुद्दे पर नगर विकास मंत्री से की बात

बैठक के दौरान नगर पंचायत बहादुरगंज की मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वशीकुर रहमान एवं उनकी टीम ने मंत्री का ध्यान शहर की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने फंसादी चौक से गर्ल्स हाई स्कूल होते हुए एलआरपी चौक तक सड़क निर्माण तथा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 15 और 16 को जोड़ने वाली आजाद चौक से सिकंदर चौक तक सड़क निर्माण की मांग रखी।

इसके साथ ही नगर पंचायत के प्रशासनिक भवन के समीप जर्जर अवस्था में पड़े टाउन हॉल की बदहाली से भी मंत्री को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. जायसवाल ने मौके से ही नगर विकास विभाग के मंत्री से बातचीत कर वस्तुस्थिति की जानकारी दी। इस पर नगर विकास मंत्री ने संबंधित योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर भेजने को कहा और आगे की कार्रवाई के लिए अपनी सहमति दी। नगर क्षेत्र की इन महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर सकारात्मक पहल के संकेत मिलने से स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एवं अधिवक्ता शिशिर कुमार दास, नगर पंचायत की मुख्य पार्षद सेहरा तहसीन, प्रतिनिधि वशीकुर रहमान, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण दूबे, पूर्व मुख्य पार्षद पवन अग्रवाल, मुजतबा अनवर राही, जिला पार्षद खुशो देवी, साहित्यकार डॉ. पीपी सिन्हा, कौशल झा, नगर भाजपा अध्यक्ष किसलय सिन्हा, जयशंकर प्रसाद लाला, नवीन झा, जीवन ठाकुर, उत्तम सिन्हा, मुखिया संघ अध्यक्ष रफीक आलम, मुखिया साकिर आलम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Comment